बार एसोसिएशन चुनाव : पुस्तकालय पद का एक नामांकन निरस्त
बदायूं। जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में अध्यक्ष, सचिव समेत 20 पदों के लिए 38 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए हैं। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच निर्वाचन कमेटी ने की। इसमें संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद के एक प्रत्याशी का नामांकन निरस्त हो गया।
जिला बार एसोसिएशन के एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र पाल गुप्ता, सदस्य जगदीश शरण वर्मा, निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र पाल सिंह की देखरेख में मंगलवार को दाखिल हुए सभी नामांकन पत्रों की जांच की। नामांकन पत्रों की जांच में संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद की प्रत्याशी नीलम रानी के नामांकन पत्र में अनुमोदक अनीता का नाम वोटर लिस्ट में न होने के कारण नामांकन निरस्त कर दिया गया। इसके बाद पुस्तकालय पद पर सिर्फ भानुप्रताप सिंह अकेले प्रत्याशी होने से उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है। कनिष्ठ कार्यकारिणी व कोषाध्यक्ष पद पर एक प्रत्याशी होने के कारण निर्विरोध निर्वाचित होना तय है।
आज नामांकन पत्र पर आपत्ति दाखिल की जायेगी। इसके बाद नाम वापसी के साथ 22 दिसंबर को मतदान संपन्न होगा। नामांकन पत्रों की जांच में निर्वाचन कमेटी की सहयोगी पूर्व महासचिव शैलेंद्र कुमार सिंह, पंकज शुक्ला, हरिओम शर्मा, महिपाल यादव , अजय सिसौदिया मौजूद रहे।


