UPSSSC VDO Exam: बरेली में करीब 60 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल, जाम से बचना है तो जरूरी हो तभी घर से निकलें

रेलवे स्टेशन पर लेटे परीक्षार्थी व अन्य लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और समाज कल्याण पर्यवेक्षक पद के लिए सोमवार और मंगलवार को परीक्षा है। इसमें बरेली जिले के 31 केंद्रों पर 59,939 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
अनुमान है कि दोनों दिन 30-30 हजार लोगों की अतिरिक्त भीड़ शहर में होगी। इससे दूरदराज के अलावा शहर के ही एक से दूसरे हिस्से का सफर मुश्किल होगा। ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों को बहुत जरूरी होने पर ही इन दोनों दिन घर से निकलने की सलाह दी है।
परीक्षा के लिए शहर में 29 और फरीदपुर में दो केंद्र बनाए गए हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक होगी। शहर में परीक्षा केंद्र बनाए गए ज्यादातर कॉलेज घने इलाकों में हैं। ऐसे में परीक्षा छूटने पर जाम की समस्या भी पैदा होगी।



