भरे बाजार युवक की पिटाई: मुकदर्शक बनी रही पुलिस, वीडियो वायरल होने के बाद हमलावरों को भेजा जेल

भरे बाजार युवक की पिटाई
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं में पिता-पुत्रों ने दबंगई की हदें पार करते हुए एक युवक को बीच रोड पर गिरा-गिराकर पीटा। इसके बाद हमलावर पुलिस के सामने ही युवक को घसीटते रहे। इस दौरान युवक के भाई ने उसको बचाने की कोशिश की तो उसकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ कर दी। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्रों पर एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेजा है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी के रहने वाले संदीप कुमार मिश्रा का पास में ही रहने वाले कृष्ण पाल शर्मा से पुरानी रंजिश चल रही है। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। संदीप कुमार मिश्रा अपने भाई कुलदीप मिश्रा के साथ ओवरब्रिज के नीचे घरेलू सामान की खरीदारी करने आया था। इसी दौरान कृष्णपाल शर्मा और उसके बेटे अभिषेक शर्मा, देवऋषि ने संदीप को पकड़ लिया। वह तीनों उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान संदीप के कपड़े भी फट गए। काफी देर तक हमलावर उसको बीच बाजार रोड पर गिराकर पीटते रहे।
घटना के दौरान मैकूलाल हलवाई पुलिस चौकी पर तैनात स्टाफ भी वहां मौजूद था, पुलिस घटना के दौरान तमाशबीन बनी रही और हमलावर संदीप को गिरा-गिराकर पीटते रहे। संदीप के भाई कुलदीप ने उसको बचाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। घटना के वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि एक युवती भी संदीप को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन हमलावर उसको पीटते रहे। बाद में घसीटते हुए उसको पुलिस चौकी ले गए।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सिविल लाइंस पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मारपीट में घायल संदीप को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, इसके बाद घायल के भाई कुलदीप की तहरीर पर पिता-पुत्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। बाद में हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
सरेराह व्यस्तम इलाके में युवक की गिरा-गिराकर पिटाई करने और उसको काफी दूर तक घसीटने का वीडियो सामने आया तो पुलिस की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगने शुरू हो गए। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि हमलावर उसको पीट रहे हैं और वहां पुलिस मौजूद है। पुलिस की मौजूदगी में ही युवक को पुलिस चौकी तक घसीटता गया है। इससे कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
मामले की जानकारी होते ही आरोपी पिता-पुत्रों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा है, सभी बिंदुओं पर मामले की जांच की जा रही है। – गौरव विश्नोई, एसएचओ सिविल लाइंस