आलोक हत्याकांड: एनकाउंटर में ढेर होने से पहले कई राज खोल गया शाहबाज, सपा नेता सरताज के कत्ल से भी है कनेक्शन

Shahjahanpur Alok Gupta murder case
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के कटरा में आलोक हत्याकांड के बाद मौके से ही पकड़े गए शाहबाज को लेकर लोगों का गुस्सा चरम पर था। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही लोगों ने उसे पीटकर लहूलुहान कर दिया था।
सूत्रों के मुताबिक एनकाउंटर में मारे जाने से पहले करीब 15 घंटे तक पुलिस की गिरफ्त में रहे शाहबाज ने पूछताछ में कई राज उगल कर हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस की काफी मदद की है।
ई-रिक्शा चालक शाहबाज को आलोक गुप्ता के पिता सुधीर गुप्ता पहले से जानते थे। वह अक्सर दुकान का सामान ढोता रहता था। मंगलवार तड़के जब शाहबाज ने साथी बदमाशों के साथ आलोक गुप्ता और उनके परिवार पर हमला किया तो उसे पहचान लिया गया।
बदमाशों से संघर्ष के दौरान आलोक के छोटे भाई प्रशांत ने शाहबाज के सिर पर लकड़ी के पटले से प्रहार किया था। जिससे उसका सिर फट गया था। लहूलुहान होकर शाहबाज वहीं गिर गया था। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों के आ जाने पर बदमाश वहां से भागने लगे। घायल होने के कारण शाहबाज को लोगों ने पकड़कर जमकर धुन दिया।

