Bareilly News: पेट्रोल पंप संचालकों को जीएसटी विभाग भेज रहा नोटिस
बरेली। जीएसटी की ओर से पिछले सालों में बकाया कर भुगतान के लिए नोटिस जारी होने से पेट्रोल पंप संचालकों में खलबली मच गई है। शुक्रवार को बरेली पेट्रोलियम एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 से मुलाकात कर प्रकरण के बारे में जानकारी ली।
पदाधिकारियों का कहना था कि वर्ष 2019-20-21 के नोटिस जीएसटी की ओर से भेजे जा रहे हैं। इसमें संंबंधित कर जमा करने और ऑनलाइन जानकारी के जवाब देने की अंतिम तिथि 25 अक्तूबर है। किन्हीं वजहों से भुगतान और जवाब दाखिल न होने पर संबंधित कर राशि पर ब्याज भी लगेगा। अचानक नोटिस मिलने से असमंजस की स्थिति है। एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1 ओपी चौबे ने बताया कि मुख्यालय से ही कंप्यूटराइज्ड नोटिस पेट्रोल पंप संचालकों को भेजी जा रही हैं। पिछले सालों में जो मैनुअल रिटर्न दाखिल हुए हैं, उसमें कुछ खामी होने पर नोटिस दिए जा रहे है।
उसे दाखिल करने के साथ ही जवाब देना होगा। इसमें वैट भी शामिल है। लिहाजा, दो नोटिस जा रहे हैं। बताया कि भुगतान ऑनलाइन ही जमा होगा। अगर कोई कॉल करके बुलाए तो जाने की जरूरत नहीं। इस दौरान बरेली पेट्रोलियम एसोसिएशन से महेंद्र अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, रवि अग्रवाल, विनय गुप्ता, औद्योगिक आस्थान भोजीपुरा के अध्यक्ष अजय शुक्ला मौजूद रहे।



