बरेली

Bareilly News: प्रसूता की मौत, इलाज में लापरवाही का आरोप

Connect News 24

शेरगढ़। कस्बा स्थित एक क्लीनिक पर सोमवार को प्रसूता की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि यहां प्रशिक्षित स्टाफ के बिना ऑपरेशन किए जाते हैं।

थाना शाही के गांव लालपुर निवासी कुंवरपाल मौर्य ने बताया कि पत्नी नेमवती (26) को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को वह उसे लेकर शेरगढ़ के एस जैड जनता अस्पताल पहुंचे। सोमवार को सुबह करीब पांच बजे ऑपरेशन से पत्नी ने बेटे को जन्म दिया। ऑपरेशन के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। आरोप है कि जानकारी दिए बिना ही अस्पताल का स्टाफ पत्नी को एंबुलेंस से लेकर चला गया।

कुछ समय बाद जब वह लौटे तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहरीर पर जमीर हसन, उपासना गंगवार और तंजील के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। नेमवती की मौत के बाद स्टाफ ने क्लनिक में भर्ती मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कराया। इसके बाद वह बिल्डिंग में ताला डालकर फरार हो गए।

विधायक के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुई रिपोर्ट

घटना के बाद कस्बे के तमाम नेता मामले में समझौता कराने के प्रयास में जुट गए। पुलिस भी रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा से की। विधायक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।

स्वास्थ्य विभाग की सांठगांठ से चल रहे अवैध क्लीनिक

कस्बे में कई क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की जगह झोलाछापों की तैनाती कर रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई के नाम पर हर बार खानापूरी कर देता है। इस वजह से झोलाछापों का हौसला बुलंद है।

अस्पताल और अल्ट्रासाउंड सेंटर का रजिस्ट्रेशन है। जमीर हसन के पास बीयूएमएस की डिग्री है। सीएमओ ऑफिस से आवश्यक दस्तावेज जुटाने के बाद मंगलवार को मामले में आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। गजेंद्र सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button