बोर्ड परीक्षा : अब न मारें रट्टा … सिर्फ दोहराएं, मोबाइल से बनाएं दूरी
शाहजहांपुर। यूपी बोर्ड और सीबीएसई की परीक्षाएं नजदीक हैं। विद्यार्थी रात-दिन तैयारी में जुटे हैं। तमाम छात्रों की शिकायत है कि वे पढ़ तो बहुत रहे हैं लेकिन कुछ याद नहीं हो रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि विद्यार्थियों को अब रट्टा मारने की नहीं, पढ़े हुए को दोहराने जरूरत है। ताकि परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सके।
विद्यार्थी खुद पर रखें भरोसा
डीआईओएस शौकीन सिंह का कहना है कि विद्यार्थी खुद पर भरोसा रखें। कभी यह न सोचें कि उनसे ये नहीं हो पाएगा। जो भी काम आप पूरे मनोयोग से करेंगे, उसमें श्रेष्ठता जरूर प्राप्त होगी। सुझाव दिया कि एक बार जो टॉपिक आपने याद कर लिया है, उस पर अपने साथियों के साथ चर्चा करें। इससे विषय दोहराने में मदद मिलेगी और उसे लंबे समय तक याद रख सकेंगे। चाहे आप उसे दोबारा न भी पढ़ें।
फोन से कम होती है एकाग्रता
जीआईसी प्रधानाचार्य अनिल कुमार ने बताया कि एकाग्रता की कमी के कारण कोई भी विषय समझने में दिक्कत होती है। ध्यान भटकने का सबसे बड़ा कारण स्मार्ट फोन है। पढ़ाई के दौरान अपने मोबाइल को स्विच ऑफ रखें। पढ़ने के लिए एक निश्चित स्थान चुनें। हमेशा केवल उस स्थान पर ही पढ़ें। स्टूडेंट्स पढ़ने के लिए किसी लाइब्रेरी या किसी शांत कमरे को चुन सकते हैं, जहां आप का ध्यान न भटके।
क्षमता के अनुरूप निर्धारित करें लक्ष्य
सीबीएसई जिला कोऑर्डिनेटर राजीव मोहन पांडेय कहते है कि छात्र-छात्राओं को आसानी से प्राप्त होने वाले लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्हें प्राप्त करने के लिए हरसंभव प्रयास करें। सुझाव दिया कि रटने की बजाय टॉपिक को लिख कर देखें। स्मरण शक्ति बढ़ाने और याद करने का यह एक कारगर उपाय है। जब अगली बार आप कुछ याद करने की कोशिश करें तो आप उस टॉपिक को जोर-जोर से पढ़ें और इसे तीन-चार बार दोहराएं।