Budaun News: सांड़ से टकराई बाइक, ग्रामीण की मौत, मौसेरा भाई घायल

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक के परिजन। संवाद
दातागंज थाना क्षेत्र के बेलाडांडी पुल पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव गदरोली निवासी ग्रामीण हरपाल (45) की बाइक सांड़ से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा उनका मौसेरा भाई जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
गदरोली निवासी नत्थूलाल के पुत्र हरपाल की मां के नाम फरीदपुर में कुछ जमीन है। परिजनों के अनुसार, उसमें पिता का नाम गलत हो गया था, जिसमें सुधार कराने के लिए वह अपने ही गांव के मौसेरे भाई जितेंद्र (40) पुत्र बुधपाल के साथ बुधवार को गए थे। लौटते समय उन्हें शाम हो गई।
बाइक जितेंद्र चला रहा था तथा दोनों ही हेलमेट नहीं लगाए थे। जब उनकी बाइक दातागंज थाना क्षेत्र के बेलाडांडी पुल पर पहुंची तो सामने से एक सांड़ आ गया। इससे जितेंद्र बाइक पर संतुलन खो बैठे और सांड़ से टकरा गए। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल लेकर आए। यहां डाॅक्टर ने हरपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि जितेंद्र की हालत गंभीर देखते हुए उसे भर्ती कर लिया गया। बृहस्पतिवार को हरपाल के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया।
–
मजदूरी कर बच्चों का कर रहे थे पालन-पोषण
हरपाल के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे तथा दो बेटी हैं। एक बेटी व दो बेटों की वह शादी कर चुके थे। सबसे छोटी बेटी शादी को है। जमीन कम होने की वजह से वह बंटाई की जमीन पर खेती करते और समय मिलने पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनकी मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रोरोकर बुरा हाल है।
–
आठ भाइयों में दूसरे नंबर के थे हरपाल
सड़क हादसे में मृत हरपाल आठ भाई थे। वह दूसरे नंबर के थे। उनके बेटे ने बताया कि वह काफी मेहनती थे। परिवार का भरपूर ख्याल रखते थे। इधर हादसे में घायल जितेंद्र की हालत काफी नाजुक है। 20 घंटे बाद भी उन्हें होश नहीं आया है। परिजन उनका जिला अस्पताल में ही इलाज करा रहे हैं।

पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक के परिजन। संवाद


