Budaun News: आर्यावर्त बैंक के शाखा प्रबंधक और फील्ड अफसर पर धोखाधड़ी का केस
धौरहरा। गोसाइनपुरवा निवासी मुन्नालाल ने आर्यावर्त बैंक शाखा जटपुरवा के पूर्व शाखा प्रबंधक और फील्ड अफसर पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज मुकदमे में मुन्नालाल ने बताया कि उसने आर्यावर्त बैंक शाखा जटपुरवा से 4.37 लाख रुपये का किसान क्रेडिट कार्ड बनवाया था। ब्याज मिलाकर यह धनराशि 5.79 लाख रुपये हो गई थी। शाखा प्रबंधक कपूर साहब और फील्ड अफसर हरजीत सिंह ने उसे बैंक बुलाया और कहा कि चार लाख रुपये जमा कर दो बाकी धनराशि की छूट मिल जाएगी।
मुन्नालाल ने 1.50 लाख रुपये जमा कर दिए और 2.50 लाख रुपये एक सप्ताह में जमा करने की बात कही। कुछ दिन बाद शाखा प्रबंधक और फील्ड अफसर ने 2.50 लाख रुपये जमा करने के बजाय तीन लाख का लोन लेने की सलाह दी। बाद में विपक्षियों ने धोखाधड़ी कर उसकी पासबुक पर 5.27 लाख रुपये दर्ज कर दिए। धौरहरा कोतवाली प्रभारी विवेक उपाध्याय ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। संवाद


