Budaun News: सड़कों पर दौड़ रहे स्कूलों के अनफिट पांच वाहनों का चालान

वाहनों की चेकिंग करते एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार।
एआरटीओ प्रवर्तन ने की चेंकिग, स्कूल प्रबंधन को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। शहर में तमाम स्कूलों के अनफिट वाहन दौड़ रहे हैं। एआरटीओ प्रवर्तन ने कई जगह पर चेकिंग कर मानक पूरे न करने पर पांच वाहनों का चालान किया। स्कूल संचालकों को चेतावनी दी कि वे यथाशीघ्र अपने वाहनों की फिटनेस व अन्य मानक पूरे करा लें, अन्यथा अगली बार वाहनों को सीज कर दिया जाएगा।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत एआरटीओ प्रवर्तन अंबरीश कुमार ने बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट चौराहा, उझानी रोड व नवादा चौराहे पर वाहनों को चेक किया। इस दौरान कुछ वाहनों की फिटनेस नहीं मिली तो कुछ में सीट प्रबंधन सही नहीं था। स्कूल संचालकों ने अपने मर्जी से सीटें लगा रखीं थी।
कुछ चालक सीट बेल्ट नहीं पहने मिले तो कुछ में आवश्यक प्रपत्रों की कमी थी। ऐसे में एआरटीओ ने पांच वाहनों का चालान कर दिया। जिन वाहनों के कागज पूरे थे तथा छोटी मोटी कमियां थीं, उनके चालकों को चेतावनी देकर इस शर्त पर छोड़ा गया कि अगली बार ये कमियां नहीं मिलेंगी।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को चेतावनी भी दी। एआरटीओ प्रवर्तन ने बताया कि जिले में 558 स्कूली वाहन पंजीकृत हैं। विभाग के डाटाबेस में 160 वाहन अनफिट हैं, जिन्हें नोटिस जारी किया जा चुका है। उन्हें जल्द ही फिटनेस कराने की चेतावनी दी गई है। जल्द ही स्कूलों में जाकर भी इस बारे में बताया जाएगा। इस दौरान आरआई विकास यादव भी मौजूद रहे।