Budaun News: एक्सप्रेस-वे के लिए खोदे गड्ढे में डूबा बच्चा, मौत

रूपेश का फाइल फोटो।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नसरौल में हुआ हादसा
साथियों के साथ खेतों पर खेलने गया था सात वर्षीय रूपेश
संवाद न्यूज एजेंसी
इस्लामनगर (बदायूं)। मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढे में डूबकर एक और बालक की मौत हो गई। हादसा इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नसरौल में हुआ। गांव के नजदीक से गंगा एक्सप्रेस-वे होकर जा रहा है। वहीं नजदीक से मिट्टी उठाकर एक्सप्रेस-वे पर डाली गई है। इससे एक्सप्रेस-वे के किनारे पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पिछले तीन-चार दिन से हो रही बारिश से इन गड्ढों में पानी भर गया। ऐसे में बालक गहरे पानी में गिर गया और उसकी जान चली गई।
सात वर्षीय रूपेश पुत्र बुधसेन मंगलवार शाम अपने कुछ साथियों के साथ निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे के नजदीक खेतों में खेलने गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यहां के लोगों की करीब 12 सौ बीघा जमीन गंगा एक्सप्रेस-वे में गई है। गंगा एक्सप्रेस-वे भी गांव के नजदीक से होकर जा रहा है। उस पर नजदीकी खेतों से मिट्टी उठाकर डाली गई है। इससे जहां से मिट्टी उठाई गई है, वहां बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
तीन-चार दिन पहले बरसात होने से इन गड्ढों में पानी भर गया था। सात वर्षीय रूपेश और उसके साथ नहाने के लिए उस गड्ढे में घुस गए लेकिन किसी तरह रूपेश का पैर फिसल गया, जिससे वह ज्यादा गहराई में चला गया।
यह देखकर अन्य बच्चों ने शोर मचा दिया। इससे गांव के काफी संख्या में लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह बालक को गड्ढे से निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर इस्लामनगर थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने बुधवार को बालक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया। बालक की मौत से उसके परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
–
गंगा एक्सप्रेस-वे के गड्ढों के चारों ओर नहीं कराई गई थी बेरिकेडिंग
गंगा एक्सप्रेस-वे पर जहां से मिट्टी उठाई जा रही है या जहां पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। वहां बेरिकेडिंग कराई जानी चाहिए थी या संकेतक लगाने चाहिए थे, लेकिन जिस गड्ढे में रूपेश की डूबकर मौत हो गई, वहां कोई बेरिकेडिंग नहीं कराई गई थी और न ही संकेतक लगाए गए थे। ग्रामीणों का दावा है कि उस गड्ढे की गहराई भी करीब पांच-छह फुट या इससे ज्यादा हो सकती है। अगर वहां बेरिकेडिंग करा दी जाती तो शायद बालक की डूबकर मौत नहीं होती।
लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई : एसडीएम
बच्चे के डूबने की जानकारी पर तहसीलदार को मौके पर भेजा था। हमने कहा था कि बच्चे का ऐसे अंतिम संस्कार नहीं करें, उसका पोस्टमार्टम कराएं, जिससे परिवार वालों को दैवीय आपदा के तहत राहत धनराशि मिल सके। इस मामले में अगर गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण करने वाली कंपनी या उसके अधिकारियों की लापरवाही पाई गई तो हम कार्रवाई भी कराएंगे।
– विजय कुमार मिश्रा, एसडीएम बिसौली

रूपेश का फाइल फोटो।

रूपेश का फाइल फोटो।


