Budaun News: फंदे से लटका मिला युवक का शव

घटना स्थल पर विलाप करते मृतक के परिजन व मौजूद लोग। संवाद
फैजगंज बेहटा (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव पिसनारी में मंगलवार सुबह अखिलेश यादव (23) का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिवार वाले उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं] लेकिन पुलिस प्रथम दृष्ट्या आत्महत्या का मामला मान रही है। पुलिस के मुताबिक पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था।
अखिलेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। कुछ समय पहले उसकी मां की मौत हो गई थी, लेकिन बाद में उसके पिता हंसराज यादव ने दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस के अनुसार कुछ समय पहले पिता-पुत्र में जमीन बेचने को लेकर विवाद हुआ था। तब से दोनों के बीच मनमुटाव था। अखिलेश का घर गांव के बाहर बना है।
अखिलेश सोमवार रात किसी वक्त घर से बाहर निकल गया। मंगलवार सुबह जब वह घर में दिखाई नहीं दिया तो परिवार वालों ने उसे तलाश किया। पता चला कि युवक का शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका हुआ है। इससे परिवार वाले वहां रोते-बिलखते हुए पहुंच गए।
फैजगंज बेहटा एसओ सिद्धांत शर्मा भी आ गए। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से युवक का शव फंदे से उतारा। उसके पैर जमीन से टिके हुए थे। इससे परिवार वालों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि युवक के घर में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनकी फुटेज निकलवाई जाएगी।
वैसे युवक और उसके पिता के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद सामने आया है। एसओ सिद्धांत शर्मा ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट में जो सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।


