Budaun News: डिप्टी सीएम ने किया डायलिसिस केंद्र का औपचारिक शुभारंभ

डायलिसिस सेंटर के बर्चुअल उदघाटन में मौजूद सीएमएस डॅक्टर कप्तान सिंह व अन्य कर्मचारी, स्रोत- स्
बदायूं। जिला अस्पताल के अस्थायी भवन में डायलिसिस केंद्र की शुरुआत तो दो माह पहले हो चुकी थी, लेकिन औपचारिक शुभारंभ बृहस्पतिवार को उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने वर्चुअरी किया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 72 जिलों के जिला अस्पतालों में पहले से डायलिसिस केंद्र चल रहे हैं। बदायूं, औरैया और बहराइच के जिला अस्पतालों में नि:शुल्क डायलिसिस केंद्र नहीं थे, अब वहां भी यह केंद्र शुरू हो गए हैं। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्र प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि स्थायी केंद्र तो भवन तैयार होने के बाद शुरू होगा। जिले के लोगों को दिक्कत न आए, इसके लिए दो मशीनें लगाकर फिलहाल सेवा शुरू की गई है। यह सेवा दो माह से दी जा रही है। अब तक करीब 70 मरीजों को सफलता पूर्वक डायलिसिस किया जा चुका है, अब केंद्र का औपचारिक उद्घाटन भी हो गया है।
इस मौके पर सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह, सेंटर प्रभारी व कर्मचारी, भाजपा के युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।


