Budaun News: शहर से देहात तक जर्जर हाईंटेशन लाइनें बनीं समस्या

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।
लाइन टूटकर गिरने पर लगा दिया जाता है पैबंद, हमेशा बना रहता है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कस्बे की गौसियाई मस्जिद के पास नई बस्ती की कॉलोनी ही नहीं पूरे जिले में कई स्थानों पर जर्जर हाईटेंशन लाइन समस्या बन चुकी हैं। कई क्षेत्रों में तो ये लाइनें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि कभी भी गिर सकती हैं।
छह माह पहले पावर कॉरपोरेशन की ओर से रिवैंप योजना आई थी। जिसके तहत जिले में जर्जर लाइनों को बदला जाना था, इसके लिए एक करोड़ से ऊपर का बजट पास भी हुआ। बावजूद लाइनें नहीं बदली गईं। ऐसे में रोज ही कहीं न कहीं जर्जर लाइनें समस्या पैदा कर रहीं हैं।
–
रेहड़िया : जितनी लंबी लाइन, उससे दो गुने पाबंद
रेहड़िया। वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत रेहड़िया में हाईटेंशन लाइन की इतनी बुरी हालत है कि यहां लाइन रोज टूटकर जमीन पर गिर जाती है। ऐसे में अब तक गांव में करंट लगाने से कई जानवरों की मौत भी हो चुकी है तो एक बालक भी झुलस चुका है। ग्रामीणों के मुताबिक लाइन इतनी जर्जर है कि उसका तार तक गल चुका है। जितनी लंबी लाइन है, उससे दोगुने उस पर लगे पैबंद हैं। गांव के लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। संवाद
उसावां : 24 घंटों में छह बार होता है फाॅल्ट
उसावां। कस्बे में होली चौक पर मुख्य बाजार स्थित पुत्तूलाल गुप्ता की दुकान और गंगाराम कश्यप की दुकान के अलावा कई जगह हाईटेंशन लाइन काफी जर्जर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इन लाइनों में 24 घंटों में कम से कम छह बार फाॅल्ट होते हैं। जरा सी हवा चलने पर लाइन आपस में टकरा जाती हैं और टूटकर गिर जाती हैं। कस्बे के लोग इनके नीचे से गुजरने तक से डरते हैं। संवाद
वजीरगंज : झुका है खंभा, कभी भी हो सकता है हादसा
वजीरगंज। कस्बे में मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सहकारी संघ के सामने हाईटेंशन का खंभा हाईवे की ओर झुक गया है। यह कब गिर जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। इसके अलावा हाईवे पर रवि टेंट हाउस के बराबर में हाईटेंशन लाइन का खंभा नीचे से आधे से ज्यादा गल चुका है। कई बार शिकायत की पर सुनवाई नहीं हुई है। संवाद
–
सैदपुर : घरों में लगे हैं खंभे, छतों के ऊपर निकल रही लाइन
सैदपुर। जिले के सैदपुर कस्बे में हाईटेंशन लाइन को लेकर सबसे ज्यादा चौंकाने वाली स्थिति है। यहां तो घरों में ही हाईटेंशन लाइनों के खंभे लगे हैं। यहां तक कि लिंटर डालने के बाद खंभे ऊपर निकल गए हैं। ऐसे में कई लोगों ने तो खंभों में जोड़ लगवाकर उन्हें ऊंचा किया है। यहां हमेशा ही हादसे की आंशका बनी रहती है। संवाद
–
म्याऊं : ढीली जर्जर लाइन हादसों को दे रही दावत
म्याऊ। गांव के कई मोहल्लों में ढीले जर्जर लाइन से काम चलाया जा रहा है। दो-तीन बार लाइन टूट भी चुकी है। लाइन टूटने पर सूचना पर कर्मचारी पहुंचते हैं और इन्हें जोड़कर चले जाते हैं। लाइन बदलने की कोई जहमत नहीं उठाता। कई बार लोग बदलवाने की मांग कर चुके हैं लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। संवाद
–
कुंवरगांव : कई गांवों में लटकी हैं जर्जर लाइन
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के कई गांवों में जर्जर लाइनें हादसे को दावत दे रहीं हैं। क्षेत्र के फरीदपुर चकोलर गांव में तो लाइन लोगों के मकानों के ऊपर से होकर जा रही है। ग्राम पंचायत लाही फरीदपुर और उसके मजरे इनायतगंज का भी यही हाल है। इमलिया गांव में तो बांस लगाकर हाईटेंशन लाइन रोकी गई है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है।
–
यहां आए हुए दो-तीन दिन हुए हैं। धीरे-धीरे सब इलाकों की जानकारी ले रहे हैं। जहां-जहां से शिकायतें आ रहीं हैं। वहां की व्यवस्थाओं को सही कराया जा रहा है। जल्द ही व्यवस्था में सुधार लाने की कोशिश की जाएगी।
– अखिलेश कुमार , अधीक्षण अभियंता

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।

फकीराबाद गांव में जर्जर हाईटेंशन की लाइन।