Budaun News: बुखार का प्रकोप जारी… चार और लोगों की मौत

भंद्रा गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव करते मलेरिया विभाग के कर्मचारी। संवाद
दहगवां के जतकी गांव में एक ही दिन में तीन की मौत, विभिन्न स्थानों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में डेंगू के सात और पीवी मलेरिया के 15 मरीज मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/ बगरैन। बुखार का प्रकोप जारी है। मलेरिया, डेंगू पीड़ित लगातार दम तोड़ रहे हैं। पेपल ग्राम निवासी लाल सिंह की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई, उनको निजी लैब में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इधर जतकी गांव में बच्ची समेत तीन लोगों की बुखार से मौत हो गई। यहां काफी संख्या में लोग बीमार हैं। इधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न गांवों में लगाए गए शिविरों में डेंगू के सात और मलेरिया पीवी के 15 मरीज मिले हैं।
दहगवां ब्लाॅक क्षेत्र के गांव जतकी निवासी रिजवाना (25) पत्नी मुकीश, रहाना (28) पत्नी छोटे और एक वर्ष की अनाविया पुत्री ईदुल हसन की सोमवार को बुखार से मौत हो गई। जबकि रविवार को खाने अली (30) पुत्र मुन्ने अली की मौत हुई थी। मुन्ने को निजी लैब में डेंगू की पुष्टि हुई थी। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम जांच के लिए पहुंच गई है। लोगों के जांच के लिए नमूने लिए गए हैं। दवाओं को वितरण किया गया है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग अभी इनकी मौत का कारण नहीं बता पा रहा है।
उधर, वजीरगंज ब्लॉक क्षेत्र के गांव पेपल निवासी लाल सिंह पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। पहले परिजनों ने उनका बिसौली में एक निजी डॉक्टर के यहां इलाज कराया। परिजनों के अनुसार यहां एक प्राइवेट लैब में उन्हें डेंगू की पुष्टि हुई। जिसके बाद उनको इलाज के लिए बरेली ले जाया गया। जहां पर भी हालत में सुधार नहीं हुआ।
इस पर परिजन उन्हें इलाज के लिए दिल्ली ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। वह भाजपा के बगरैन मंडल के अध्यक्ष थे। यहां बता दें कि रविवार को कटगांव निवासी कुलदीप की भी डेंगू से मौत हो गई थी। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने दोनों गांवों में कोई शिविर नहीं लगाया। शिव सिंह, भूरे की अनुसार दोनों गांवों में बुखार से कई लोग पीड़ित हैं।
–
स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न गांव में लगाए शिविर, दवाएं बांटीं
उसावा/ म्याऊं। स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को भंद्रा, सैजनी, रुदेली समेत सात गांवों में शिविर लगाए। जिनमें भंद्रा गांव में डेंगू के सात और सैजनी व रुदेली में मलेरिया पीवी के 15 मरीज मिले। शिविरों में बुखार पीड़ितों को दवाइयां भी बांटीं गईं।
जिले में फैल रहे बुखार पर काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कोशिश कर रहा है। इसी के चलते विभाग ने सोमवार को सहसवान के खागी नगला, दातागंज के छिर्रा व चापरकौर, समरेर के सैजनी, रुदेली और भंद्रा गांवों में शिविर लगाए। शिविर में 501 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें बुखार के 314 पीड़ित मिले। जबकि समरेर के सैजनी में 12 और रुदेली में तीन लोग मलेरिया पीवी पॉजिटिव मिले। वहीं भंद्रा गांव में डेंगू के सात मरीज पॉजिटिव मिले। संवाद
विभाग की तरफ से टीमें गांवों में जाकर शिविर लगा रहीं है, कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच हो जाए। जिले में जो लोग मलेरिया, डेंगू से पीड़ित है उनको समय से दवाएं भी उपलब्ध कराई जा रहीं हैं।
-प्रदीप वार्ष्णेय, सीएमओ

भंद्रा गांव में एंटीलार्वा का छिड़काव करते मलेरिया विभाग के कर्मचारी। संवाद