Budaun News: बुखार का प्रकोप, चार और लोगों की मौत
नहीं जागा स्वास्थ्य विभाग, स्थिति और भयावह हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में बुखार का प्रकोप बरकरार है। बुखार से मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग गंभीरता नहीं बरत रहा है। वह महज औपचारिकता निभा रहा है। जिस कारण स्थिति भयावह होती जा रही है। इसी के चलते बगरैन क्षेत्र के गांव पेपल निवासी दो महिलाओं समेत तीन लोगों की रविवार को मौत हो गई तो दातागंज में भी बुखार से एक युवक की जान चली गई।
बगरैन के गांव पेपल में बुखार तेजी से अपनी जड़ें फैला रहा है। रविवार को यहां तीन और लाेगों ने बुखार के कारण दम तोड़ दिया। गांव निवासी ओमप्रकाश (50) को चार दिन पहले बुखार आया। परिजन उनको बरेली ले गए। वहां पर निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार उन्हाेंने दम तोड़ दिया।
मुन्नी देवी (40) का भी बरेली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। दोपहर में उनकी भी मौत हो गई। इसी क्रम में गांव निवासी देवेंद्रवती (45) का इलाज मुरादाबाद में चल रहा था। रविवार शाम को उनकी भी मौत हो गई। यहां बता दें कि इससे पहले भी पांच लोग यहां बुखार के कारण दम तोड़ चुके हैं।
इधर, दातागंज के वार्ड नंबर 19 निवासी मनोज पंडित (35) की भी बुखार से मौत हो गई। उन्हें तीन दिन पहले बुखार आया था। बताया जा रहा है कि वार्ड में करीब 50 लाेगों को बुखार है।


