Budaun News: गंगा घाट पर मूर्ति विसर्जन करने आए चार युवक नदी में बहे, एक लापता

गंगा नदी में डूबा युवक
– फोटो : अमर उजाला
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र में अटेना गंगा घाट पर एटा जिले से गणेश प्रतिमा विसर्जन करने आए चार युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। उनमें तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया लेकिन एक युवक का पता नहीं चला। गंगा में उसकी तलाश जारी है।
एटा जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के लुहारी दरवाजा निवासी पवन उर्फ आदित्य (18), कृष कुमार (14), अवनीश कुमार (22) और सागर (16) बृहस्पतिवार दोपहर तमाम लोगों के साथ अटेना गंगा घाट पर गणेश प्रतिमा विसर्जन करने आए थे। शाम के समय सभी युवक प्रतिमा विसर्जन कर रहे थे।
इसी दौरान चारों युवक गंगा में बह गए। यह देखकर उनके साथी उन्हें बचाने में जुट गए। उन्होंने कृष कुमार, अवनीश कुमार और सागर को बचा लिया लेकिन पवन उर्फ आदित्य पुत्र मनोहर का कुछ पता नहीं चला। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसकी तलाश में गोताखोर लगा दिए हैं।