Budaun News: रेलवे के दरोगा, सेक्शन इंजीनियर समेत छह पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट
बदायूं। दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय पिपरिया निवासी शारदा देवी ने जमीन के मामले में अपने जेठ रेलवे के दरोगा और सेक्शन इंजीनियर समेत छत लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
शारदा देवी का कहना है कि वह वर्तमान में बिनावर थाना क्षेत्र के गांव पुठी सराय में रह रहीं हैं। उनकी शादी बदायूं के हजरतगंज निवासी जितेंद्र पाल सिंह के साथ हुई थी। वह रेलवे में कार्यरत थे। 14 अप्रैल 1972 को उनकी मौत हो गई थी। उनके कोई औलाद नहीं थी। उनके जेठ रेलवे के दरोगा कृष्णपाल सिंह, उनका बेटा रेलवे में सेक्शन इंजीनियर विश्वनाथ लालची किस्म के व्यक्ति है। वह धोखाधड़ी से जमीन हड़पना चाहते थे। कृष्णपाल अपनी पत्नी विद्यावती, बेटा आशीष कुमार के साथ मिलकर जमीन हड़पने की साजिश रचने लगे थे।
इसके लिए उनके खिलाफ एक फर्जी मामला दायर कराया गया, जबकि उनके पति ने 1968 में जमीन खरीदी थी। आरोपियों ने उसके पति के फर्जी हस्ताक्षर करके एक फर्जी वसीयतनामा तैयार किया। फिर उसके द्वारा जमीन अपने नाम कराने की कोशिश की। इससे शारदा देवी ने तहसीलदार न्यायालय में एक मामला दायर कराया। कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। उनके साथ मारपीट करते थे। इस संबंध में शारदा देवी ने न्यायालय के आदेश पर विश्वनाथ, विद्यावती, आशीष कुमार, सत्यस्वरूप मिश्रा, कादिर और धर्मपाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।