Budaun News: शासन ने चार नए इंटर कॉलेज में नहीं किए शिक्षक तैनात
स्थानीय स्तर पर शिक्षकों को अटैच कर कराई जा रही पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। जिले में चार इंटर कॉलेज में शासन की तरफ से अब तक शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई है। ऐसे में पिछले तीन माह से इन चारों नए स्कूलों में स्थानीय स्तर पर शिक्षकों को अटैच कर पढ़ाई कराई जा रही है।
जिले में 35 राजकीय, 41 सहायता प्राप्त और 206 प्राइवेट कॉलेज है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत जिले को एक कन्या इंटर कॉलेज समेत चार राजकीय इंटर कॉलेज और मिले हैं। इनका निर्माण पिछले साल पूरा हुआ था।
बिल्डिंग हैंडओवर होने के बाद 2022 में ही कॉलेज में पढ़ाई शुरू करवा दी गई, लेकिन शासन स्तर से कॉलेज संचालन के लिए अनुमति नहीं मिल सकी। जिसकी वजह से वहां पर प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को दूसरी जगहों दाखिला करा दिया गया था, लेकिन इस साल शासन से स्कूल संचालन की अनुमति मिल गई, लेकिन कॉलेज संचालन के लिए अब तक कोई भी स्टाफ नहीं दिया है।
ऐसे में अनुमति मिलने के बाद डीआईओएस ने स्थानीय स्तर से शिक्षकों को वहां पर तैनात कर पढ़ाई शुरू करा दी है। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि इस संबंध में उच्चधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। अधिकारियों ने जल्द ही जिले को शिक्षक दिए जाने की बात कही है।


