Budaun News: शिक्षकों के धरने से आधा शहर जाम, तीन घंटे रेंगते रहे वाहन
बदायूं। मालवीय आवास पर शिक्षकों के धरना-प्रदर्शन के कारण बुधवार दोपहर आधा शहर जाम हो गया। शहर में इंदिरा चौक से लेकर कचहरी तिराहा और लालपुल तिराहे तक बड़ा जाम लग गया। जाम में सरकारी वाहनों के अलावा एंबुलेंस भी फंसी रहीं। आसपास की छोटी सड़कों पर भी वाहन फंस रहे। सुबह करीब 11 बजे से दोपहर दो बजे तक वाहन रेंग-रेंगकर निकलते रहे। पुलिस कर्मियों को जाम खुलवान में पसीने छूट गए।
कचहरी तिराहे के नजदीक मालवीय आवास पर बुधवार को शिक्षकों ने बड़ा प्रदर्शन किया। शुरुआती दौर में जो शिक्षक प्रदर्शन में शामिल हुए थे, उन्होंने अपने वाहन कचहरी तिराहे से जिला अस्पताल रोड किनारे लगा दिए थे। धीरे-धीरे शिक्षक वाहनों से पहुंच रहे थे। करीब 11 बजे कचहरी तिराहे पर जाम लग गया। हालांकि इसकी सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस एक वाहन हटवा रही थी कि तब तक दो वाहन आकर लाइन में लग जा रहे थे।
धीरे-धीरे करके वाहनों की कतार रजिस्ट्री कार्यालय तक पहुंच गई, लेकिन उसके बाद भी पुलिस जाम नहीं खुलवा सकी। हालात देखकर पुलिस ने आंबेडकर पार्क के नजदीक बैरियर लगवा दिया, जिससे जिला अस्पताल की ओर से और वाहन नहीं आएं। परशुराम चौक और रोडवेज की ओर से आने वाले वाहनों को वन विभाग रोड पर मोड़ दिया गया।
इधर, कचहरी तिराहे पर लगा जाम भामाशाह चौक और बाद में इंदिरा चौक तक पहुंच गया। इससे वन विभाग रोड भी जाम हो गया। वहीं, कचहरी तिराहे से लेकर लालपुल तिराहे तक सड़क जाम हो गई। इसमें एंबुलेंस, रोडवेज बसें और अन्य सरकारी व निजी वाहनों के अलावा टेंपो, ई-रिक्शा आदि फंस गए। कुछ वाहनों को जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के बीच सड़क पर निकालने की कोशिश की गई तो वहां भी जाम लग गया।
जिला अस्पताल के सामने वाली गली, जेल के पिछली दीवार की सड़क तक पर जाम लग गया। हालांकि सभी तिराहे-चौराहे पर पुलिस कर्मी, होमगार्ड और यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में लगे थे। दोपहर दो बजे तक वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। इससे तमाम वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस भी कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवा सकी।
सड़क किनारे वाहन खड़े होने से बिगड़े हालात
शिक्षकों के धरना-प्रदर्शन के दौरान कचहरी तिराहे से लेकर रजिस्ट्री कार्यालय तक तमाम वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। इससे हालात बिगड़ते गए। बाद में राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में वाहनों को खड़ा कराया गया। यहां आने जाने के दौरान वन विभाग रोड भी जाम हो गया। भामाशाह चौक से रेाडवेज तक की सड़क भी जाम हो गई थी।


