Budaun News: बिजली नहीं मिली तो सड़क पर उतरे किसान, लगाया जाम

दातागंज क्षेत्र के गांव बौरा जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझाती पुलिस।
वौरा गांव के नजदीक किया पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। बिजली की समस्या को लेकर कई गांवों के किसानों ने वौरा गांव के नजदीक जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई। करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वौरा गांव के नजदीक आसपास के कई गांवों के किसान एकत्र होकर पहुंचे और उन्होंने बिजली समस्या को लेकर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। किसानों ने बताया कि बिजली नहीं मिलने से फसलों की सिंचाई नहीं हो पा रही है।
किसानों का कहना था कि क्षेत्र के अधिकतर लोग धान की फसल करते हैं। इस समय फसल को सिंचाई की सख्त जरूरत है। ऐसे में या तो बिजली मिलती नहीं है, मिलती है तो लो वोल्टेज के कारण परेशानी होती है। ऐसे में फसल सूख रही है।
जाम लगने की सूचना पर तहसीलदार एसके शर्मा और इंस्पेक्टर सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। यहां करीब दो घंटे जाम लगा रहा।
इस मौके पर जयपालपुर धनौरा के प्रधान बालिस्टर राठौर, लडौरा के प्रधान बुधपाल, कमां के चंद्रप्रकाश और महतावपुर के अपर प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। जाम लगाने वालों में वौरा, सुखौरा, बराही, खुकड़ी, सेनपुर, खगाई, मुझियाना, गाजीपुर, दियोनी, कनेई, गंडहा, मलिकपुर आदि गांवों के किसान शामिल थे।


