Budaun News: अभिलेखों में प्रसव कराने की जांच शुरू, स्टाफ नर्स हटी
– मामले में अन्य लोगों से मांगे गए हैं स्पष्टीकरण, आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराए गए सात प्रसव दबतोरी में दर्शाए गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दबतोरी में अभिलेखों में प्रसव कराने के मामले की जांच शुरू हो गई है। इसी क्रम में दबतोरी में तैनात स्टाफ नर्स को हटाकर आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर दिया गया है। बताया गया है कि इस संबंध में अधीनस्थों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सात महिलाओं के प्रसव कराए गए थे, लेकिन अभिलेखों के अनुसार उन महिलाओं के प्रसव दबतोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुए थे। जब इसकी सच्चाई उजागर हुई तो उन महिलाओं ने भी सच बोल दिया। महिलाओं ने कहा था कि उनके प्रसव आसफपुर स्वास्थ्य केंद्र में हुए थे। इसकी जानकारी लेने पर आसफपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी पंकज ने अनभिज्ञता जताई थी और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया था। एक दिन पहले सीएमओ डॉ. प्रदीप कुमार वार्ष्णेय स्वयं दबतोरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच की। उन्होंने बताया था कि इस मामले की जांच कराई जा रही है। इसमें जो दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।
अब इस मामले में स्टाफ नर्स जहीन मिर्जा को दबतोरी स्वास्थ्य केंद्र से हटाकर आसफपुर भेज दिया गया है। जहीन मिर्जा ने बताया कि दबतोरी में तमाम खामियां हैं। इसलिए उन्हें वहां से हटाया गया है। मामले में अन्य लोगों से स्पष्टीकरण मांगने का मामला सामने आया है। प्रभारी चिकित्साधिकारी का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है। जब तक जांच पूरी नहीं होती तब तक कुछ कहना उचित नहीं है।