Budaun News: मेडिकल काॅलेज में सप्ताह भर रहेगी कार्यक्रमों की धूम

मेडिकल कॉलेज मे वार्षिकोत्सव की तैयारियों में जुटे छात्र-छात्राएं व स्टाफ।स्रोत-मेडिकल कॉलेज
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के पहले वार्षिकोत्सव पर शनिवार से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। समापन 29 दिसंबर को पुरस्कार वितरण के साथ होगा। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि शनिवार को सुबह सात बजे मैराथन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। उद्घाटन सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता करेंगे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के पांच सौ और नर्सिंग पैरामेडिकल की दो सौ छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से जोड़ने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। प्राचार्य ने बताया कि मैराथन मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर एक से शुरू होकर सोत नदी के पुल तक लगभग छह किलोमीटर की होगी।
इससे पहले स्पोर्ट्स ग्राउंड पर एमबीबीएस, नर्सिंग और पैरामेडिकल के छात्र- छात्राएं परेड करेंगे। 23 दिसंबर से 26 दिसंबर तक कई कार्यक्रम होंगे।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 27 से 29 दिसंबर तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें नृत्य, गायन, वादन और प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। 29 दिसंबर को पुरस्कार वितरण के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा।