Budaun News: रात में गांव के बाहर हो रहा था खनन, ग्रामीणों ने किया हंगामा; जेसीबी, ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
थाने में खड़ी जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में शनिवार रात ग्रामीणों ने अवैध खनन का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और एक जेसीबी व दो ट्रैक्टर-ट्रॉली घेर लिए। उन्होंने सूचना देकर थाना पुलिस को भी बुला लिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी पुलिस के हवाले का दिए।
हालांकि पुलिस का कहना है कि खनन भट्ठे पर ईंट पाथने के लिए किया जा रहा था। इसकी रॉयल्टी जमा है। फिर भी खनन विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। आगे कार्रवाई खनन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कराई जाएगी।
शनिवार रात थाना क्षेत्र के गांव खजुरिया में एक खेत में जेसीबी से खनन चल रहा था और कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से नजदीकी भट्ठे पर मिट्टी ढोई जा रही थी। रात करीब एक बजे गांव के तमाम लोग जेसीबी चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को चारों ओर से घेर लिया। उन पर अवैध खनन का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने जेसीबी से चल रहा खनन भी बंद करा दिया और इसकी सूचना थाना पुलिस को भी दे दी, जिससे एक दरोगा और कुछ पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए।



