Budaun News: अफसरों की कृपा, वर्षों से एक ही जगह जमे पंचायत सचिव
बदायूं। जिले के सभी ब्लॉक क्षेत्रों में पिछले चार-पांच साल से करीब 60 पंचायत सचिव एक ही स्थान पर जमे हुए हैं। हालांकि पिछले साल जिले में स्थानांतरण नीति आई थी लेकिन यहां उसका पालन नहीं किया गया। जबकि अन्य जिलों में लंबे समय से जमे पंचायत सचिव दूसरे ब्लॉक में स्थानांतरित कर दिए गए। यहां आज भी पंचायत सचिवों पर अधिकारियों की कृपा बनी हुई है।
जिले में 16 ब्लॉक हैं और इनमें करीब डेढ़ सौ से ज्यादा ग्राम पंचायत अधिकारी व ग्राम विकास अधिकारी यानी पंचायत सचिव तैनात हैं। 60 ऐसे पंचायत सचिव हैं, जिन्हें एक ही स्थान पर चार या पांच साल हो चुके हैं। इनमें कई ऐसे भी हैं, जिन्हें साढ़े पांच साल या छह साल हो चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें दूसरे ब्लॉकों में स्थानांतरित नहीं किया गया है।
पिछले साल 15 जून 2022 को स्थानांतरण नीति आई थी। उसके तहत लगातार तीन साल तक एक ही स्थान, पटल या विकास खंड क्षेत्र में तैनात सभी पंचायत सचिवों को हटाया जाना था लेकिन यहां राजनीतिक रसूख और अधिकारियों की कृपा के चलते इस नीति का पालन नहीं किया गया। कुछ पंचायत सचिवों को हटाया भी गया लेकिन वह फिर से संबंधित ब्लॉक में पहुंच गए या फिर उन्होंने राजनीतिक पहुंच के चलते मनमाफिक ब्लॉक में ट्रांसफर करा लिया।
इससे ब्लॉक क्षेत्रों में हालात यह हो गए हैं कि ग्राम पंचायत निधि और प्रधानमंत्री आवास के मामलों में घोटाले सामने आने लगे हैं। पिछले माह तीन सचिवों को निलंबित भी किया जा चुका है। इसके बावजूद स्थानांतरण नीति लागू नहीं की गई, जबकि कई ब्लॉक क्षेत्रों के प्रधान भी संबंधित सचिवों को हटाने की मांग कर चुके हैं। अधिकारियों को ज्ञापन भी दे चुके हैं। अगर इन सचिवों को स्थानांतरण तो शायद ग्राम पंचायतों के हालात सुधर सकें।
पांच साल से तैनात हैं ये अधिकारी
राजीव कुमार इस्लामनगर, अमोल पाराशर उझानी, तेजपाल सिंह सालारपुर, प्रमोद कुमार शर्मा आसफपुर, नेम सिंह कादरचौक, देवपाल सिंह वजीरगंज, वीरेंद्र पाल सिंह कादरचौक आदि एक ही स्थान पर पांच साल से जमे हैं।
चार साल से तैनात हैं ये अधिकारी
अनिल कुमार उझानी, दीपांकुल सक्सेना, आकाश राठौर, ब्रजेश कुमार और लखमेंद्र सिंह दातागंज, सत्यपाल, राजीव सिंह और नवनीत समरेर, प्रदीप कुमार और विनेश कुमार उसावां, अशोक कुमार सिंह, सुरेंद्र सिंह राना और विनय कुमार अंबियापुर, अरविंद कुमार, सूरज कुमार शर्मा, उमाकांत और अखिलेश कुमार सहसवान, आंचल, प्रशांत कुमार, विपिन और पूजा दहगवां, पारूल देवी और सुधीर कुमार सिंह सालारपुर, नीरज कुमारी और वर्षा पाठक जगत, धर्मवीर सिंह उझानी, गुलबहार कादरचौक, अंकुर कुमार, दिग्विजय सिंह और संजय सिंह म्याऊ, जगदीप सिंह, संजय सिंह, अलख प्रताप सिंह और सुनील कुमार पाल बिसौली, दरिक्शां और सतीश कुमार आसफपुर, विनीत कुमार और सुदर्शन सिंह इस्लामनगर, पूनमलता विंदकर समरेर, दीपमाला वजीरगंज, सुदीप सालारपुर, कुंवरपाल सिंह आसफपुर, अनेकपाल सिंह दहगवां समेत कई अधिकारी शामिल हैं।
इस साल स्थानांतरण नीति नहीं आई है। अनुमान है कि मई या जून में स्थानांतरण नीति आएगी। उसके अनुसार स्थानांतरण किए जाएंगे।
– केशव कुमार, सीडीओ