Budaun News: पुलिस का दावा- रुपये के लेन-देन और मकान के विवाद में हुई थी मजदूर की हत्या
वजीरगंज (बदायूं)। थाना क्षेत्र के गांव रजलामई में मजदूर मुंशीलाल की हत्या रुपयों के लेन-देन और मकान के विवाद में की गई थी। थाना पुलिस जिन पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, उनमें दो हत्यारोपी बताए जा रहे हैं। एक आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि इन्हीं तीन लोगों ने मुंशीलाल की हत्या की थी।
बुधवार रात ग्राम रजलामई में 50 वर्षीय मजदूर मुंशीलाल की पीटकर और गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। वह नजदीकी गांव बरातेगदार के नरेश पटेल के ट्यूबवेल पर मजदूरी करते थे। रात को वहीं सो जाते थे। सुबह-शाम उनका खाना नरेश के घर से जाता था। जब बृहस्पतिवार सुबह नरेश मुंशीलाल को चाय लेकर ट्यूबवेल पर पहुंचे तो उनका शव खेत में पड़ा मिला। बताया जा रहा था कि जिन लोगों पर हत्या का शक है, वे अक्सर मुंशीलाल के साथ शराब पीते थे और जुआ खेलते थे। थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को ही दो लोगों को हिरासत में ले लिया था। शुक्रवार को तीन और लोग थाने लाए गए। तब से उनसे पूछताछ चल रही है।
बकौल पुलिस, अब तक की छानबीन में रुपयों का लेन-देन और मकान के विवाद में हत्या होने की वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने जिन लोगों को हिरासत में लिया है, उनमें से दो ने एक और साथी के संग मुंशीलाल के साथ अक्सर जुआ खेलने और शराब पीने की बात बताई है। मुंशीलाल काफी रुपया हार चुका था। आरोपी उसका मकान हथियाना चाह रहे थे। पुलिस शनिवार को वारदात का खुलासा करेगी।