बदायूं

Budaun News: अभिषेक हत्याकांड में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

Connect News 24

– 30 अगस्त की रात युवक की कर दी गई थी चाकू से गोदकर हत्या

– पुलिस ने गिरफ्तार किए थे दो आरोपी, एक आरोपी कोर्ट में हो गया था सरेंडर

संवाद न्यूज एजेंसी

दातागंज (बदायूं)। एक माह पुराने अभिषेक हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी। इस मामले में फरार चल रहे एक आरोपी ने दो अक्तूबर को न्यायालय में सरेंडर कर दिया था। जबकि एक दिन पहले कोतवाली पुलिस ने तीसरे आरोपी जीशान को रिमांड पर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने युवक का बैग और आधार कार्ड बरामद किया था।

कोतवाली क्षेत्र के गांव डहरपुर और बिहारीपुर के बीच 30 अगस्त की अभिषेक (20) हजरतपुर से अपने गांव बिहारीपुर लौट रहा था। वह हजरतपुर में अपने मौसा की दुकान पर काम करता था और रक्षाबंधन के मद्देनजर घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन बदमाशों ने उसकी चाकू गोदकर हत्या कर दी थी।

इस संबंध में परिवार वालों ने हजरतपुर थाना क्षेत्र के दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि युवक का एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इससे लड़की के भाइयों ने मिलकर उसकी हत्या की है लेकिन कोतवाली पुलिस की छानबीन में हथिनीभूड़ निवासी वसीम, ओमेंद्र और जीशान हत्यारोपी निकले थे। कोतवाली पुलिस ने इनमें ओमेंद्र और वसीम को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। तीसरा आरोपी जीशान दो अक्तूबर को न्यायालय में सरेंडर हो गया।

बृहस्पतिवार को पुलिस ने जीशान को रिमांड पर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर अभिषेक का बैग और उसका आधार कार्ड बरामद कर लिया। अब पुलिस ने तीनों आरोपियों को हत्याकांड का दोषी मानते हुए न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया है। पुलिस की विवेचना में तीनों आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से युवक की हत्या की थी। उसका सामान भी लूट लिया था।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button