Budaun News: प्री-मानसून ने ही बिगाड़ दिया शहर का हुलिया, ध्वस्त हुए इंतजाम

टिकटगंज में बरसात के बाद सड़क बनी तालाब। संवाद
बदायूं। जिले में प्री-मानसून की करीब दो घंटे हुई बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। इससे पालिका के सफाई के दावों की पोल खुल गई। प्राइवेट बस स्टैंड से लेकर रोडवेज तक कीचड़ की वजह से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। जब प्री-मानसून की दो घंटे की बारिश ने ही शहर का हुलिया बिगाड़ दिया तो मानसून आने पर क्या हाल होगा, यह सोचकर ही लोग परेशान हैं।
मौसम विभाग ने काफी समय पहले ही 24 जून तक मानसून आने की संभावना जता दी थी। इसके बाद शासन ने अलर्ट जारी कर नालों की सफाई समेत बारिश में होने वाली दिक्कतों से बचाव के इंतजाम करने के सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए थे, लेकिन ज्यादातर काम सिर्फ कागजों पर ही हुए। सोमवार दोपहर से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। शाम को बादल छा गए।
मंगलवार सुबह छह बजे से हल्की बारिश शुरू हुई, जो कुछ देर बाद तेज हो गई। करीब नौ बजे तक बारिश हुई। साढ़े छह बजे से साढ़े आठ बजे तक तेज बारिश हुई। इससे शहर के तमाम मोहल्ले से लेकर बाजारोंं और प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। नालियों, नालों की सिल्ट पानी के साथ उफनकर सड़कों पर आ गई। इससे फिसलन बढ़ गई।
नाले-नालियां चोक होने की वजह से अधिकांश जगहों का पानी दो से तीन घंटे में निकल पाया, लेकिन छह सड़का पर दोपहर 12 बजे तक पानी भरा रहा। दोपहर 12 बजे फिर बारिश शुरू हो गई, जो करीब 20 मिनट तक हुई। इससे जलभराव वाली जगहों पर फिर से पानी भर गया। इससे लोगों को आवागमन में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
इन जगहों पर हुआ जलभराव
– छह सड़का, जोगीपुरा, नेकपुर, आवास विकास, गांधी ग्राउंड रोड, जोगीपुरा रोड, नई सराय, आर्य समाज चौक, जवाहरपुरी आदि। लोगों को इन जगहों से होकर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दिनभर मौसम रहा सुहाना
कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बारिश ने खासी राहत दी। दिन भर मौसम सुहाना रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान गिरकर 34.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

टिकटगंज में बरसात के बाद सड़क बनी तालाब। संवाद

टिकटगंज में बरसात के बाद सड़क बनी तालाब। संवाद


