बदायूं

Budaun News: एक साल पहले हुआ था विवाद, खेत में पशु घुसे तो मामला गर्माया

Connect News 24

उघैती थाना क्षेत्र के गांव स्वरूपपुर में हुई युवक की हत्या का मामला

संवाद न्यूज एजेंसी

उघैती (बदायूं)। ग्राम स्वरूपपुर में पशुओं के खेत में घुसने पर चाचा-भतीजा पर एकाएक ही हमला नहीं किया गया। दोनों परिवारों में रंजिश करीब एक साल से पनप रही थी।

एक साल पहले दोनों परिवारों की महिलाओं के बीच विवाद हुआ था, इस मामले में कोई कार्रवाई तो नहीं हुई पर दोनों परिवार एक-दूसरे से बैर मानने लगे। बृहस्पतिवार रात पशुओं के खेत में घुसने पर यही चिंगारी भड़क गई और चाचा की हत्या कर दी गई।

ग्राम स्वरूपपुर निवासी वीरेश पुत्र गजेंद्र चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। वह खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वीरेश रोजाना रात को छुट्टा पशुओं से अपनी फसल की रखवाली करने पहुंचता था। बृहस्पतिवार रात वह अपने भतीजे को भी खेत पर ले गया।

उसे नहीं पता था कि आरोपी उस पर हमला कर देंगे। बृहस्पतिवार रात उसने खेत से पशुओं को खदेड़ा तो वह पड़ोसी ऋषिपाल के खेत में घुस गए। इसके बाद ऋषिपाल ने उस पर पशुओं को उसके खेत में घुसाने का आरोप लगाते हुए गालीगलौज कर दी। बाद में उसने अपने बेटों को बुला लिया और वीरेश पर हमला कर दिया, जिसमें उसकी जान चली गई।

अभी इस मामले में कोई आरोपी नहीं पकड़ा गया है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। दोनों परिवारों के बीच एक साल पहले विवाद हुआ था। इसके अलावा और कोई रंजिश सामने नहीं आई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button