Budaun News: एमएफ हाईवे पर दो बाइक टकराईं, बालक की मौत, सात लोग घायल

घटना स्थल पर घायलो को एंबुलेंस में बैठाती पुलिस। संवाद
वजीरगंज में सोई की पुलिया के नजदीक हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
वजीरगंज (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद (एमएफ) हाईवे पर सोई की पुलिया के नजदीक सोमवार दोपहर दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में पांच वर्षीय बालक अर्पित की मौत हो गई जबकि उसकी मां, ताई और तहेरे भाई समेत सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें एक बालक की हालत गंभीर बनी हुई है। कोई भी बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज बेहटा निवासी अर्जुन पुत्र राजपाल सोमवार दोपहर अपनी मां सिया देवी, चाची निशा देवी पत्नी धनपाल और पांच साल के चचेरे भाई अर्पित को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहा था। दरअसल चारों लोग वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव कल्लिया काजमपुर में रिश्तेदारी में गए थे। उधर से लौटते समय अर्जुन ने मां और चाची को भी बाइक पर बैठा लिया। अर्पित आगे बाइक की टंकी पर बैठा था।
जैसे ही उनकी बाइक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर सोई की पुलिया के नजदीक पहुंची। उसी दौरान सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पलिया लट्टू निवासी रवि पुत्र चंद्रसेन, उसकी भाभी नीरज पत्नी अजय, भतीजा अर्श (2) और अभि (5) सवार थे। रवि उन्हें लेकर भाभी के मायके बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव खजुरिया जा रहा था। बाइक टकराने के बाद सभी लोग इधर-उधर जा गिरे। अर्पित के सिर में गंभीर चोट आई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही वजीरगंज इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को कॉल की लेकिन वह पर नहीं पहुंची। ऐसे में प्राइवेट एंबुलेंस बुलानी पड़ी। उसी से घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां भर्ती अर्श की हालत ज्यादा गंभीर है। उसे बरेली रेफर कर दिया गया है जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य है।