Budaun News: शराब का ठेका हटवाने बच्चों संग सड़क पर उतरीं महिलाएं

उघैती में देसी शराब के ठेका को हटाने को लेकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।
– पुलिस ने डंडे फटकार कर खदेड़ा, ग्रामीण बोले डीएम से करेंगे ठेका हटवाने की मांग
05 घंटे तक चला हंगामा, शराब मैनेजर को भी घेरा
संवाद न्यूज एजेंसी
उघैती (बदायूं)। शराब का ठेका हटवाने के लिए गांव सराय बघौली की महिलाएं अपने बच्चों के साथ बुधवार दोपहर सड़क पर उतर आईं। जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं और बच्चे अड़े रहे। आखिर में पुलिस ने डंडे फटकार कर उन्हें खदेड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब वे डीएम से ठेका हटवाने की मांग करेंगे।
दरअसल, मंगलवार रात ग्राम सराय बघौली निवासी मोहित की शराब पीने से हालत बिगड़ गई थी। परिवार वाले उसे उघैती ले गए, जहां से रात में ही उसे चंदौसी रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह करीब आठ बजे गांव के तमाम लोग एकत्र हुए। सभी लोगों ने मिलकर शराब का ठेका हटवाने का प्रस्ताव बनाया और उसके मुताबिक दोपहर के समय गांव की तमाम महिलाएं और बच्चे समेत गांव के लोग सड़क पर पहुंच गए। उन्होंने ठेका हटवाने को प्रदर्शन शुरू कर दिया। धीरे-धीरे मौके पर काफी भीड़ बढ़ गई।
सूचना पर पुहंची पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन ग्रामीण महिलाएं नहीं मानी। करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन चला। इसकी सूचना पर पहुंचे शराब मैनेजर सुरेंद्र सिंह ने भी उन्हें समझाने की कोशिश की। जब वह मौके से जाने लगे तो महिलाओं ने उनकी गाड़ी घेर ली। शराब मैनेजर ने गाड़ी का शीशा बंद कर लिया। बाद में इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह और सीओ चंद्रपाल सिंह पहुंच गए। उन्होंने भी भीड़ को समझाने की कोशिश की। जब वह नहीं माने तो पुलिस ने डंडा फटकारते हुए भीड़ को खदेड़ दिया। सड़क से भी प्रदर्शन खत्म करा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यहां सामने मंदिर है। इधर से गुजरने के दौरान महिलाओं और स्कूली बच्चियों को ज्यादा दिक्कत होती है। शराबी यहां खड़े होकर फब्तियां कसते हैं। इससे ठेका हटना जरूरी है। अब सभी ग्रामीण डीएम कार्यालय जाकर इसे हटवाने की मांग करेंगे।