Budaun News: अपने विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति आवाज उठाएं महिलाएं

बिल्सी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम अपने विचार रखते अधिकारी। संवाद
बिल्सी कॉलेज में हुआ मिशन जागृति कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। महाराणा प्रताप राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को पुलिस प्रशासन एवं महाविद्यालय के सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मिशन जागृति कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे एसआई नितिन कुमार शर्मा ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कहा कि एक समय था जब महिलाओं को अबला माना जाता था, लेकिन समय के परिवर्तन के साथ महिलाएं अब सबला बनकर पूरे विश्व को नई राह दिखा रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक लड़की में कोई न कोई योग्यता होती है उस योग्यता को पहचानने की आवश्यकता है। महिलाओं को अपने विरुद्ध होने वाले अपराधों के प्रति आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं के लिए शुरू किए गए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076 के बारे में जानकारी भी दी।
प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिला सशक्तीकरण पर अपने विचार रखे। संचालन हिंदी विभाग के प्रवक्ता डॉ. धीरज कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर डाॅ.शहाबुद्दीन अली के अलावा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


