Budaun News: चमकेगा गोबर से पेंट बनाने का काम

घटपुरी स्थित गोबर से पेंट बनाने की फैक्टरी
गो जनित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार कर रही तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गो जनित उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार बड़ी तैयारी करने जा रही है। यदि सब ठीक रहा तो जल्द ही प्रदेश की सभी सरकारी इमारतें गोवंश के गोबर से बने पेंट से चमचमाएंगी। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है।
यहां घटपुरी के शिव-पार्वती महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं भी गोबर से हर्बल पेंट बनाने का काम कर रही हैं। हालांकि अब तक इस पेंट का उपयोग सरकारी स्कूलों में किया गया है। प्राइवेट सेक्टर में इसका प्रयोग कम हो रहा है। माना जा रहा है कि इस कवायद के बाद प्राइवेट सेक्टर में भी इस पेंट के प्रयोग में बढ़ोतरी होगी।
बिनावर क्षेत्र के घटपुरी में शिव-पार्वती महिला स्वयं सहायता समूह है। 2014 से बने इस समूह में रूबी सिंह इसकी अध्यक्ष व ज्योति सिंह कोषाध्यक्ष हैं। बैंक से लोन लेकर गाय के गोबर से पेंट बनाने की फैक्टरी खड़ी की गई थी जो अन्य जिलों के लिए एक उदाहरण बन गई।
कोषाध्यक्ष के अनुसार, पिछले साल जिले के सभी सरकारी स्कूलों में पेंट कराने के लिए इस फैक्टरी में बने पेंट का ही प्रयोग किया गया था। 15 ब्लॉकों में करीब 85 लाख के पेंट की सप्लाई की गई। ज्योति बताती हैं कि फिलहाल निजी क्षेत्र से कोई बड़ा ऑर्डर नहीं मिला है। ऑर्डर मिलने पर ही पेंट तैयार किया जाता है। छिटपुट सप्लाई हो रही है लेकिन भविष्य में बड़ा काम मिलने की उम्मीद है।
–
ऐसे बनता है गोबर से पेंट, फायदे बहुत
पहले काफी मात्रा में गोबर एकत्र किया जाता है। उसके बाद उसे पीसकर जो पानी निकलता है, उसे मशीनों की सहायता से टैल्कम पाउडर मिलाकर पेंट बनाया जाता है। इसमें प्राकृतिक कूलिंग एजेंट रहता है। जहां इसे किया जाता है वहां का तापमान प्राकृतिक रूप से कम हो जाता है। फैक्टरी में प्रोडक्शन का काम देख रहे विभाष सिंह बताते हैं कि यह पेंट ईकोफ्रेंडली होने के साथ-साथ फफूंदरोधी व जीवाणुरोधी गुणों वाला है। सबसे जरूरी यह कि इसमें सीसा, पारा, क्रोमियम, आर्सेनिक, कैडमियम जैसी भारी धातुओं की मिलावट नहीं है। इसे किसी भी भवन के अंदर या बाहर प्रयोग किया जा सकता है क्योंकि ये वॉशेबल है।
–
कंपनियों के पेंट के मुकाबले सस्ता
ज्योति सिंह के अनुसार, गाय के गोबर से बना पेंट बाजार में मौजूद अन्य कंपनियों के पेंट के मुकाबले काफी सस्ता है। जिस क्वालिटी की 20 लीटर की बाल्टी अन्य कंपनियों की 2600 से 2700 रुपये की पड़ती है वही इस पेंट की कीमत करीब 1700 रुपये होती है। केमिकल और लेड फ्री होने के कारण इसके कोई नुकसान भी नहीं है।


