Budaun News: वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चचेरा भाई घायल
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर के पुल के नजदीक हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय युवक पप्पू की मौत हो गई जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पुलिस ने उसे स्वास्थ्य केंद्र भेजा था, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संभल जिले के कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मैथरा निवासी पप्पू पुत्र राम बहादुर और उसका चेहरा भाई विजयपाल (24) पुत्र राम सिंह सोमवार को बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर आए थे।
वह सोमवार देर शाम बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। उस दौरान बाइक विजयपाल चल रहे थे। वह हेलमेट भी लगाए थे लेकिन बाइक पर पीछे बैठे पप्पू हेलमेट नहीं लगाए थे। बताते हैं कि उनकी बाइक फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में आसफपुर इलाके में पुल के नजदीक पहुंची थी। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिसमें पप्पू के मौके पर मौत गई जबकि उनका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस में विजयपाल को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थाना पुलिस में इसकी सूचना पप्पू के परिवार वालों को दे दी है। युवक के शव को स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया गया है।