सराफा व्यापारी हत्याकांड: नफरत की आग में कातिल बन बैठा सौतेला भाई, बोला- उसे मारने का कोई पछतावा नहीं

हत्यारोपी अमित गुप्ता, मृतक संकल्प का फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
शाहजहांपुर के पुवायां में सराफा व्यापारी संकल्प गुप्ता की हत्या करने के आरोपी सौतेले भाई अमित गुप्ता उर्फ हप्पू को पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी ने कहा कि उसे सौतेले भाई संकल्प को मारने का कोई पछतावा नहीं है।
पुवायां के मोहल्ला कसभरा आढ़त निवासी संकल्प गुप्ता की मेन रोड पर सराफा की दुकान है। 16 अगस्त को संकल्प के सौतेले भाई अमित ने दुकान पर ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। संकल्प की मां प्रेमलता गुप्ता ने अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटना के बाद आरोपी को गांव सतवां बुजुर्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
ये भी पढ़ें- सराफा व्यापारी हत्याकांड: थैले में दो तमंचे लेकर आया था सौतेला भाई, वारदात के बाद भागा; दो बच्चों ने पकड़वाया
आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद हो गया था। बृहस्पतिवार को अमित का चालान कर दिया गया और कोर्ट से जेल भेजा गया। अमित को अपने किए का कोई पछतावा नहीं है। हत्या के बाद उसका प्लान शिमला भाग जाने का था। उधर, पोस्टमार्टम के बाद संकल्प का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
संकल्प से नफरत करता था अमित
सौतेले भाई संकल्प की हत्या करने वाला अमित अपनी सौतेली मां और उनके पुत्र से बेहद नफरत करता था। इसी कारण उसने योजना बनाकर सौतेले भाई की हत्या कर दी। पूछताछ में अमित ने पुलिस को तमाम जानकारियां दी हैं।