Rampur: अब्दुल्ला के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में सीडी बनाने वाले ने दर्ज कराए बयान, 26 जून को सुनवाई

फाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र मामले में बृहस्पतिवार को एमपी एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान मुंबई से आए सीडी बनाने वाले गवाह दिलीप आचार्य ने अपने बयान दर्ज कराए। अभियोजन अधिकारी ने उनसे जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब मामले की अगली सुनवाई 26 जून को होगी।
वर्ष 2019 में भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने थाना गंज में तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि अब्दुल्ला आजम ने अपने दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाएं हैं, जिसमें आजम खां, तंजीन फात्मा और अब्दुल्ला आजम को आरोपी बनाया गया था। तीनों फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान गवाह दिलीप आचार्य जिसने वीडियो सीडी को बनाया था। उसको कोर्ट में साबित किया साथ ही कोर्ट रूम में प्रोजेक्टर के जरिए सीडी को चलाकर गवाह ने साबित किया। बताया कि यह सीडी उनके द्वारा तैयार की गई है। सीडी जोहर डे और आजम खां के रिश्तेदार के कार्यक्रम की बनाई गई थी। अभियोजन अधिकारी ने गवाह से जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 26 जून को होगी। सुनवाई के दौरान आजम खां, अब्दुल्ला आजम और डॉक्टर तंजीन फात्मा की हाजिरी माफी प्रार्थनापत्र कोर्ट में दिया गया था।
नफरती भाषण में आजम खां के अधिवक्ता का स्थगन
शहजादनगर थाने में दर्ज वर्ष 2019 के चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए भाषण के मामले में बृहस्पतिवार को आजम खां के अधिवक्ता ने कोर्ट में स्थगन प्रार्थनापत्र दिया। अभियोजन अधिकारी अमरनाथ तिवारी ने बताया कि कोर्ट ने सुनवाई करते हुए इस मामले की सुनवाई के लिए अगली तारीख 24 जून निर्धारित की है।
एससी एसटी के मामले में भी सुनवाई टली
टांडा थाने में आजम खां के खिलाफ दर्ज एससी एसटी एक्ट मामले में बृहस्पतिवार को आजम खां के अधिवक्ता ने एमपी एमएलए कोर्ट सेशन ट्रायल में स्थगन प्रार्थनापत्र दिया। कोर्ट ने सुनवाई करते हुए अगली तारीख 10 जुलाई निर्धारित की है।
जया प्रदा प्रकरण में भी सुनवाई टली
आचार संहिता उल्लंघन के मामले में पूर्व सांसद जया प्रदा के खिलाफ स्वार थाने में दर्ज मुकदमे के मामले में बृहस्पतिवार को गवाह के कोर्ट न पहुंचने के कारण सुनवाई टल गई। जया प्रदा के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई आठ जुलाई को होगी।