Diwali 2023: रामपुर के बाजारों में तीन दिन नहीं चलेंगे वाहन, भीड़ को देखते हुए पुलिस ने लागू की व्यवस्था

दिवाली के मौके पर खरीदारी करते लोग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिवाली के मौके पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। धनतेरस से लेकर दिवाली तक शहर के व्यस्त बाजारों में तीन व चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। साथ ही शहर के सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ को काबू करने के लिए महिला पुलिस बल के साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी।
दिवाली का त्योहार नजदीक है। 12 नंवबर को होने वाली दिवाली को लेकर पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक से लेकर सुरक्षा का प्लान तैयार कर लिया है। शहर के त्योहार पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यस्त बाजारों में चार पहिया व तीन पहिया वाहनों की इंट्री बंद रखने का फैसला लिया है।
प्लान के अनुसार शहर के मिस्टन गंज, बाजार नसरुल्ला खां, सर्राफा बाजार, टीपू सुल्तान मार्केट के साथ ही सिविल लाइंस और ज्वाला नगर में त्योहारी सीजन पर जोरदार भीड़ रहती है। इन स्थानों पर पुलिस की ओर से बैरीकेडिंग कर चार व तीन पहिया वाहनों की आवाजाही को रोका जाएगा।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने इस संबंध में ट्रैफिक पुलिस को प्लान को सख्ती लागू से करने के आदेश दिए हैं। यह व्यवस्था धनतेरस से लेकर दिवाली तक लागू रहेगी। इसके अलावा यहां पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही थाना पुलिस को भी तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पुलिस के अतिरिक्त पीएसी को भी तैनात किया जाएगा।
इन बाजारों में नहीं होगा प्रवेश
मिस्टन गंज, बाजार नसरुल्ला खां, सर्राफा बाजार, राजद्वारा, गुरुद्वारा रोड, ज्वाला नगर।
सार्वजनिक स्थानों पर भी तैनात रहेगी पुलिस
दिवाली को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। पुुलिस अधीक्षक ने शहर से लेकर गांव तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने को कहा है। सभी थानाध्यक्षों के साथ ही सीओ को भी इस संबंध में निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन, रोडवेज के साथ ही होटलों की चेकिंग करने के भी आदेश दिए हैं।
दिवाली को लेकर जिले भर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। पुुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के साथ ही ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है। इसका कड़ाई से पालन कराने को कहा गया है। आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है।– राजेश द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक