रामपुर

Rampur News: हाईवे पर सोमवार तक नहीं चलेंगे भारी वाहन

Connect News 24

रामपुर। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार को रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया। अब सोमवार को रात आठ बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हाईवे पर एक लेन से कांवड़िये और दूसरी लेन से कार, बाइक जैसे हल्के वाहनों को गुजारा जाएगा। शनिवार तक रोडवेज बसों के आवागमन को छूट रहेगी।

सावन में कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर रूट का डायवर्जन लागू किया गया है। शुक्रवार को रात आठ बजे बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर बड़े वाहनों का संचालन रोक दिया गया। मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन हाईवे पर जीरो प्वाइंट और बरेली की ओर से आने वाले वाहन शहजादनगर बाईपास पर रोक दिए गए। अब इनको सोमवार तक अजीतपुर बाईपास से पटवाई होकर शाहबाद को गुजारा जाएगा। हाईवे किनारे स्कूल भी सोमवार तक बंद रहेंगे। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि फिलहाल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रोडवेज बसों को हाईवे से ही गुजारा जा रहा है।

-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली की ओर जाएंगे।

-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।

-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजाद नगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जाएगा।

-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा जाएगा।

-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरेंगे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरेंगे।

-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button