सहकारी सदस्य बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं : नरेंद्र

भावलखेड़ा ब्लॉक में सम्मेलन को संबोधित करते प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप। संवाद
भावलखेड़ा में आयोजित सम्मेलन को प्रभारी मंत्री ने किया संबोधित
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। बी-पैक्स सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए भावलखेड़ा ब्लॉक में सहकारी सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों को बहुत लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि किसानों को कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने, जुताई व सिंचाई उर्वरक, उन्नत बीज विपणन भंडारण, डेयरी कार्यकलापों आदि के लिए समिति व सहकारी बैंक सस्ता लोन उपलब्ध करा रही हैं। प्रभारी मंत्री ने बताया कि जनपद शाहजहांपुर सदस्यता में पहले पायदान पर पहुंचा है। इसके लिए चेयरमैन डीपीएस राठौर और उनकी टीम बधाई की पात्र है।
मुख्य वक्ता जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर ने कहा कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्र के लिए समितियां विकास और सहूलियत का नया अध्याय लिखेगी। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख राजाराम, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौरभ द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, रामबहादुर शर्मा आदि मौजूद रहे।


