Pilibhit News: हादसे में घायल दंपती-मासूम को एसडीएम ने अपनी गाड़ी से भिजवाया अस्पताल, खुद बाइक से गईं

जिला अस्पताल में भर्ती मासूम। संवाद
फिर जर्जर माधोटांडा रोड पर हादसा, कार की टक्कर से घायल बाइक सवार तीनों हुए घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जर्जर माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर सिद्ध बाबा स्थल के नजदीक कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती और उनका मासूम बच्चा घायल हो गया। उधर से गुजर रहीं कलीनगर की एसडीएम शिखा शुक्ला ने घायलों को अपनी सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल भिजवाया और खुद एक राहगीर बाइक पर बैठकर आगे का सफर तय किया। बाद में दूसरी गाड़ी मंगाकर वह डीएम की बैठक में पहुंचीं।
एक माह बीतने के बावजूद माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो पाया है। सड़क के खस्ताहाल होने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। पांच दिन पहले भी बाइक से जाते पीलीभीत टाइगर रिजर्व के गाइड और एक जिप्सी चालक की मौत हो गई थी। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे थाना जहानाबाद के गांव सुष्वार निवासी अजय, पत्नी अनीता और नौ माह के बच्चे के साथ सिद्ध बाबा के दर्शन करके लौट रहे थे। कुछ ही आगे पहुंचने पर सामने से आ रहे कार से उनकी बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल हुए तीनों लोग काफी देर तक सड़क पर पड़े रहे। उधर से गुजर रहीं एसडीएम शिखा शुक्ला घायलों को देखकर रुक गईं, उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। अनीता और मासूम की हालत गंभीर देखकर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, अपनी गाड़ी छोड़ने के बाद एसडीएम एक राहगीर की बाइक रुकवाई और उस पर बैठकर मथना गांव तक पहुंचीं। वहां तहसील से दूसरी गाड़ी मंगवाई उससे बैठक में पहुंचीं। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। यह वीडियो काफी वायरल हुआ।

जिला अस्पताल में भर्ती मासूम। संवाद

जिला अस्पताल में भर्ती मासूम। संवाद

जिला अस्पताल में भर्ती मासूम। संवाद