धर्मेंद्र हत्याकांड : आरोपियों की तलाश में दबिश, पीड़ित की सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात


धर्मेंद्र का शव खुटार पहुंचने पर एंबुलेंस में शव देखने के लिए लगी रिश्तेदारों की भीड़। संवाद
खुटार। पीलीभीत के गजरौला निवासी धर्मेंद्र की हत्या के आरोपियों की तलाश में पुलिस शुक्रवार को दिनभर दबिश देती रही। वहीं सुरक्षा के लिहाज से मृतक धर्मेंद्र के फूफा अमरजीत के घर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
मालूम रहे कि आरोपी 30 नवंबर को गांव कुसुमा निवासी शिवम ने गांव के ही अमरजीत भारती पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर दिया था। गोली अमरजीत के साथ चल रहे उनके ममेरे भाई धर्मेंद्र को लगी जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले में धर्मेंद्र के पिता दिनेश भारती ने शिवम, शिवम के भाई ब्रजकिशोर, बब्बन और दो अज्ञात लोगों पर घात लगाकर हमला करने और बेटे की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शुक्रवार को तीन नामजद आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन कोई हाथ नहीं आया। वहीं दूसरी ओर अमरजीत की सुरक्षा के लिहाज से उसके घर पर दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
वारदात के पीछे शिवम की शादीशुदा बहन का 16 नवंबर से लापता होना बताया जा रहा है। शिवम को शक था कि अमरजीत ने उनकी बहन को कहीं भेज दिया है। शिवम के पिता ने अमरजीत के खिलाफ तहरीर भी दी थी, लेकिन पुलिस के कार्रवाई न करने से शिवम नाराज था।
पूछताछ के लिए कई लोगों को थाने लाया गया है। पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रहीं हैं। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
पंकज पंत, सीओ पुवायां

धर्मेंद्र का शव खुटार पहुंचने पर एंबुलेंस में शव देखने के लिए लगी रिश्तेदारों की भीड़। संवाद