Rampur News: यश हत्याकांड में छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज, आरोपी फरार
केमरी (रामपुर)। केमरी थाने के ग्राम जिवाई जदीद निवासी ठेकेदार यश कुमार सिंह के नामजद सभी छह हत्यारोपियों को पुलिस की तीनों टीमें दूसरे दिन भी गिरफ्तार नहीं कर सकीं हैं। परिजनों ने उसका तनाव के बीच रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस व पीएसी मुस्तैद है।
20 मई की शाम करीब 5:00 केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम जवाई जदीद निवासी मुकेश कुमार सिंह का ठेकेदार पुत्र यश कुमार सिंह 22 बाइक से उत्तराखंड की एक फैक्टरी से ड्यूटी कर घर पहुंचा था। मृतक के पिता ने केमरी थाने में देर रात रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव निवासी जगबीर सिंह पुत्र सिपाही सिंह, व जगबीर के पुत्र उपेंद्र कुमार, धीरेंद्र कुमार, सुधीर कुमार, जगबीर की पत्नी स्नेहा देवी तथा दामाद रिंकू निवासी ग्राम नवाबगंज थाना पटवाई ने पुरानी रंजिश के चलते लाठी डंडों, तबल, तलवार, गड़सा, फरसा आदि के जरिए घेरकर हमला कर दिया था। हमला करके सभी ने उसे मौके पर ही मार डाला। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक डाक्टर संसार सिंह ने भी रात में ही गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस अधीक्षक ने सभी नामजद से आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए तीन टीमों का गठन किया था। एक टीम में सीओ मिलक रवि खोकर व केमरी थाना प्रभारी शिव प्रभात सिंह, दूसरी टीम में शहजादनगर थाना प्रभारी हरिओम सिंह तथा तीसरी टीम मिलक थाना प्रभारी राजेश बैंसला के नेतृत्व में गठित की थी। पुलिस अधीक्षक ने तीनों टीमों के प्रभारियों को शीघ्र ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। रविवार की दोपहर 1:30 बजे मृतक का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा और तनाव के मद्देनजर पुलिस व पीएसी गांव में रात से ही तैनात रही। परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। केमरी थाना प्रभारी के अनुसार घटना के बाद नामजद सभी हत्यारोपी घर छोड़कर भागे हुए हैं। पुलिस की तीनों टीमें नामजद हत्या आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार संदिग्ध स्थानों पर दबिश दे रही हैं, मगर अभी तक कोई भी नामजद आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है।