Rampur News: मृत पांच बच्चों के परिजनों को दिया मुआवजा
रामपुर। शाहबाद में बकरियां चराने गए गदमर पट्टी गांव के पांच बच्चों की ईंट भट्ठे के गड्ढे में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई थी। बुधवार को प्रशासन की ओर से मृत पांचों बच्चों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये मुआवजा दिया गया। इस मौके पर पीड़ित परिवारों के साथ विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी भावुक हो गए।19 जुलाई को शाहबाद के गदमर पट्टी गांव की अलीना उर्फ अल्शिफा, आकिल, गुलशन उर्फ गुलाफ्शां, चंचल और सना पड़ोसी गांव गहनी में ढकिया गांव निवासी शरीफ अहमद के ईंट भट्ठे पर बकरियां चराने गए थे। ईंट भट्ठे पर खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबकर पांचों बच्चों की मौत हो गई थी। बुधवार को तहसील परिसर में मृत बच्चों के परिजनों को बुलाकर आरटीजीएस के माध्यम से उनके बैंक खाते में चार-चार लाख रुपये भेज दिए गए।
इस मौके पर मिलक विधायक राजबाला, एडीएम हेम सिंह और एसडीएम सुनील कुमार ने परिवार वालों को प्रमाण पत्र भी सौंपे। इस मौके पर विधायक और अधिकारियों ने घटना को लेकर एक बार फिर से दुख प्रकट किया। इस मौके पर मृतकों के परिजन, तहसीलदार राकेश कुमार सोनी, विधायक पति दिलीप सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद शर्मा, ग्राम प्रधान सुमित कुमार, लेखपाल तपेंद्र कुमार, आरके संजीव कुमार, एडवोकेट माधुरी सक्सेना, विवेक पांडे, रामौतार यादव, मनोज भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
प्रमाण पत्र लेते समय छलक पड़े परिजनों के आंसू
मृत पांच बच्चों के परिजनों को जब विधायक और अधिकरी प्रमाण पत्र सौंप रहे थे तो पीड़ित परिजन बच्चों को याद कर रोने लगे। आकिल के पिता ने कहा कि समय से ईंट भट्ठे के गड्ढे पाट दिए गए होते तो आज बच्चे जिंदा होते। यह कहकर सभी रोने लगे। एडीएम हेम सिंह ने कहा कि तीन ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की गई है।