Rampur News: बिना अनुमति हो रहे धार्मिक स्थल का निर्माण रुकवाया
रामपुर। बिना अनुमति के धार्मिक स्थल का निर्माण किए जाने की शिकायत पर उप जिलाधिकारी ने चौकी पुलिस को तत्काल मौके पर जाकर धार्मिक स्थल के निर्माण को रोकने के आदेश दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने धार्मिक स्थल के निर्माण को रुकवा दिया है। सोमवार को नगर पंचायत के मोहल्ला भूवरा निवासी में एक समुदाय के लोगों ने उप जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर दूसरे समुदाय द्वारा धार्मिक स्थल का निर्माण कराए जाने की शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि प्रशासन की बिना अनुमति के धार्मिक स्थल का निर्माण कराया जा रहा है जिससे उनके समुदाय में रोष व्याप्त है। लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाने की मांग की थी। शिकायत के चलते एसडीएम अवनीश कुमार ने मसवासी चौकी पुलिस को मौके पर जाकर जांच करने और समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। चौकी पुलिस ने मौके पर जाकर धार्मिक स्थल के निर्माण की जांच की और निर्माण करा रहे समुदाय के लोगों ने निर्माण कार्य की अनुमति पत्र दिखाने को कहा। लेकिन वे अनुमति का पत्र नहीं दिखा सके। इसके चलते पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। धार्मिक स्थल का निर्माण रोके जाने से दूसरे समुदाय में रोष फैल गया और वह एकत्र होकर चौकी पहुंच गए। उन्होंने धार्मिक स्थल की जमीन आदि के अभिलेख पुलिस को दिए। पुलिस ने उप जिलाधिकारी से वार्ता करने के बाद कहते हुए उन्हें टाल दिया। उप जिलाधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि बिना अनुमति के धार्मिक स्थल के निर्माण की सूचना मिलने पर धार्मिक स्थल के निर्माण को रुकवा दिया गया है। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर धार्मिक स्थल के निर्माण पर रोक लगा दी गई है। इस बीच मोहल्ले में स्थिति सामान्य है।