Rampur News: वन विभाग के संविदाकर्मी को पुलिस ने पीटा, डीआईजी से शिकायत
रामपुर। पीपली वन रेंज कार्यालय के रसोइया ने मिलकखानम पुलिस पर पिटाई करने और 50 हजार रुपये लेकर छोड़ने का आरोप लगाते हुए डीआईजी मुरादाबाद से शिकायत की है। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।थाना मिलकखानम क्षेत्र के गांव शादीनगर हजीरा निवासी जानकी वन विभाग में संविदाकर्मी के पद पर सेवारत हैं। उन्होंने डीआईजी को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि उसका बेटा इंटर का छात्र है। वह रविवार को अपनी बिना नंबर की बाइक से मिलकखानम गया था। गाड़ी पर वन विभाग लिखा होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे रोक लिया। बेटे से अभिलेख मांगे लेकिन उसके अभिलेख नहीं दिखा सका। पुलिस कर्मी उसके बेटे को बाइक समेत थाने ले गए। संविदा कर्मी का कहना है कि सूचना पर जब वह बेटे से मिलने थाने पहुंचा तो उसके साथ अभद्रता की और विरोध करने पर मारपीट भी की गई। आरोप लगाया कि 50 हजार रुपये लेकर उसके बेटे को छोड़ा गया। शिकायतकर्ता का वीडियाे भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस बीच थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह का कहना है कि पुलिस ने कोई मारपीट नहीं की है। पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। बाद में उसे घर भेज दिया गया। उन्होंने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।