Rampur News: जिवाई जदीद में घर के सामने ठेकेदार की पीट पीटकर हत्या
केमरी (रामपुर)। केमरी थाना क्षेत्र के जिवाई जदीद गांव में शनिवार की शाम एक फैक्टरी के ठेकेदार यश कुमार (22) की उसके ही घर के सामने चलते कुछ लोगों ने पीट पीटकर हत्या कर दी। पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए हैं। सीओ रवि खोखर ने घटना स्थल का निरीक्षण हत्यारोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम जिवाई जदीद निवासी यश कुमार (22) पुत्र मुकेश सिंह जिला उधम सिंह नगर की एक फैक्टरी में लेबर ठेकेदारी का काम करता था। परिजनों के अनुसार यश शनिवार की शाम 6:30 बजे बाइक से अपने घर पहुंचा। आरोप है कि घर के बाहर ही उसके पड़ोसी महिला व पुरुषों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस दौरान वह जान बचाकर अपने दूसरे घर में जाने का प्रयास करने लगा, मगर हमलावरों ने उसे रास्ते में ही गिरा लिया और पीट पीटकर लहूलुहान कर दिया। मौके पर ही यश की मौत हो गई। शोर शराबा होने पर यश के परिजन शोर मचाते हुए मौके पर पहुंचे। परिजनों को देखकर हमलावर धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मौके पर भीड़ लग गई। यश को लहूलुहान हालत में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ठेकेदार की मौत के बाद गांव में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया। केमरी थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
।