Rampur News: बुखार से पूर्व सभासद समेत पांच की मौत
रामपुर। सैदनगर क्षेत्र में बुखार से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं शाहबाद में पूर्व नामित सभासद कमलेश (52) की मौत हो गई। वहीं जिले में डेंगू के तीन और मरीज मिले हैं। सैदनगर के गांव नगलिया आकिल में खतीजा (23) को पांच दिन से बुखार आ रहा था। हालत खराब होने पर उन्हें शहर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को उसकी मौत हो गई। इसी गांव में नन्हीं उम्र 48 वर्ष, आठ दिन से बुखार से पीड़ित थीं। दो दिन पहले उन्हें मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को उन्होंने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसी गांव के रईस अहमद उम्र 58 वर्ष की बुखार से मौत हो गई। गांव में एक साथ बुखार से तीन मौतें हो जाने के बाद से लोग दहशत में है। चौथा मामला थाना क्षेत्र के इमरता गांव का है। गांव निवासी संजीव की पत्नी को आठ दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के अनुसार प्लेटलेट्स कम होने के कारण उसकी मौत हो गई।
वहीं शाहबाद के मोहल्ला मंगोली निवासी पूर्व नामित सभासद कमलेश (52) को तेज बुखार आया था। परिजन उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत बिगड़ने पर उन्हें मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार सुबह उनकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को डेंगू के तीन और मामले आए हैं। इनमें बिलासपुर, मिलक और स्वार में डेंगू का एक-एक रोगी पाया गया है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि रोगी घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।