Rampur News: सांसद ने जिला अस्पताल में जाना मरीजों का हाल
रामपुर। सांसद घनश्याम सिंह लोधी ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल के वार्डों में पहुंचकर मरीजों से बातचीत की। उनका हालचाल जाना। सांसद ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर शासन को पत्राचार किया है। शीघ्र ही डॉक्टर मिल जाएंगे।
सांसद शनिवार को दोपहर 11 बजे अचानक अस्पताल पहुंच गए। सर्वप्रथम उन्होंने अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचकर मरीजों से बात की। इमरजेंसी में प्रत्येक बेड पर मरीज भर्ती थे। एक-एक के पास जाकर उनका हाल जाना और इलाज के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों ने अस्पताल में मिल रहे इलाज पर संतुष्टि जताई। इसके बाद डायरिया वार्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं को देखा। सांसद ने स्टाफ को निर्देश दिए कि वार्ड में पर्याप्त साफ सफाई बनी रहे। मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार होना चाहिए। सांसद ने अस्पताल के सीएमएस डॉ. एचके मित्रा से डॉक्टरों की कमी का ब्योरा तलब किया। जिसमें अस्पताल में ह्दय रोग, बाल रोग, चेस्ट रोग के विशेषज्ञ और जनरल फिजीशियन आदि के पदों को रिक्त बताया गया। सांसद ने कहा कि शासन से पत्राचार काफी पहले किया जा चुका है। उम्मीद है कि शीघ्र ही अस्पताल में डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे।