Rampur News: डीएम के आदेश के बाद भी पिटबुल की मालकिन के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई
रामपुर। मिलक में छात्रा पर हमलाकर उसे घायल करने वाले पिटबुल कुत्ते की मालकिन बीनू वर्मा के खिलाफ अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले की शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी से की गई थी। एसपी ने थाना पुलिस को दो दिन में कुत्ते को एनजीओ के सुपुर्द करवाने और कुत्ते की मालकिन के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। उसके बाद भी कार्रवाई न होने से नगरवासियों में रोष व्याप्त है। पांच जुलाई को नगर के स्टेशन रोड पर पिटबुल कुत्ते ने एक छात्रा पर हमलाकर उसे घायल कर दिया था। इससे पहले भी यह कुत्ता कई लोगों पर हमला कर चुका है। छात्रा के पिता ने पिटबुल की मालकिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पालिका प्रशासन, कोतवाली मिलक एवं उपजिलाधिकारी मिलक को शिकायती पत्र दिया था। पालिका ने पिटबुल की मालकिन को नोटिस जारी किया था परंतु मालकिन द्वारा नोटिस रिसीव नहीं किया और न ही कुत्ते को संबंधित विभाग को सौंपा गया।
शनिवार को ब्राह्मण महासभा के कार्यकर्ताओं ने संपूर्ण समाधान दिवस में आक्रोश जताते हुए डीएम व एसपी से पिटबुल की मालकिन के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की थी। एसपी अशोक कुमार शुक्ला ने कोतवाल अजयपाल सिंह को पिटबुल की मालकिन के खिलाफ कानूनी का करने के निर्देश दिए थे। सोमवार को भी प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं होने से नगरवासियों में रोष व्याप्त है। कोतवाल अजयपाल सिंह ने बताया कि पिटबुल की मालिकन से बात की गई है। उन्होंने जल्द ही कुत्ता किसी एनजीओ के सुपुर्द करने की बात कही है।