Rampur News: प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश
रामपुर। मिलक क्षेत्र के गांव कपनेरी के जंगल में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष मिलने पर लोग आक्रोशित हो गए। सूचना पर सीओ संगम कुमार और कोतवाल अजयपाल सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कर गड्ढा खोदवाकर अवशेषों को दबवा दिया। साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।थाना क्षेत्र के गांव कपनेरी में बृहस्पतिवार की रात गोतस्करों ने गांव निवासी जयवीर सिंह के खेत में प्रतिबंधित पशुओं का वध कर अवशेष खेत में छोड़ गए। शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत में अवशेष पड़े देखे तो आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही सीओ और कोतवाली प्रभारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर घटनास्थल पर जांच की। पुलिस ने प्रतिबंधित पशुओं के अवशेषों को गड्ढा खोदवाकर दबवा दिया। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
पुलिसकर्मी नहीं करते रात में गश्त
गोतस्करों ने सिलई बड़ा गांव चौकी से मात्र 800 मीटर की दूरी पर गोकशी की है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात में चौकी पुलिस क्षेत्र में गश्त नहीं करती है। जिसके चलते गोतस्करों के हौसले बुलंद है। इससे पहले भी कई बार गोकशी की घटनाएं हो चुकी हैं। फिर भी चौकी पुलिस लापरवाह बनी हुई। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद चौकी पुलिस को फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। चौकी पुलिस से पहले मिलक कोतवाली पुलिस और डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई।